सोलन में पटियाला संतरा की 438 पेटियां बरामद, बद्दी व पंजाब के तीन आरोपी धरे

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन के पुलिस थाना धर्मपुर के अंतर्गत पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जोहड़जी के समीप की गई विशेष नाकाबंदी के दौरान टीम ने दो वाहनों से अवैध रूप से ले जाई जा रही देशी शराब की कुल 438 पेटियां बरामद की हैं। बरामद की गई शराब की बोतलों की कुल संख्या 10,160 है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 15 और 16 मई 2026 की मध्य रात्रि को अमल में लाई गई। क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जोहड़जी के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान संदेह के आधार पर दो वाहनों को चेकिंग के लिए रोका गया।

वाहनों की गहन तलाशी लेने पर उनमें भारी मात्रा में अवैध देशी शराब मार्का पटियाला संतरा भरी हुई पाई गई। इस खेप में 2,160 अध्धे और 8,000 पव्वे शामिल थे।

पुलिस टीम द्वारा वाहनों में सवार व्यक्तियों से शराब के परिवहन से संबंधित वैध परमिट, परचेज इनवॉइस या लाइसेंस दिखाने को कहा गया, लेकिन वे मौके पर कोई भी कानूनी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब की पूरी खेप और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अशोक कुमार पुत्र श्री राधे श्याम, निवासी गांव कुल्हाड़ी वाला, तहसील बद्दी, सोलन साहिल राणा पुत्र श्री संजय कुमार, निवासी गांव मालपुर, तहसील बद्दी, सोलन तथा प्रदीप कुमार पुत्र श्री मनोहर लाल, निवासी गांव ठेडवाल पट्टी, जिला रूपनगर (रोपड़), पंजाब के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में यह पूरी तरह से अवैध शराब की तस्करी और अंतर-राज्यीय परिवहन का मामला पाया गया है, जिसके बाद पुलिस थाना धरमपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की गई है। आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के अनुसार धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर कानूनन पाबंद कर दिया गया है।

पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि शराब की यह इतनी बड़ी खेप कहाँ से लोड की गई थी और इसे आगे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त रहे हैं। मामले में आगामी जांच और कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।