शिमला: एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी का कैंपस शुक्रवार को देश भर से आए छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। विश्वविद्यालय के एमबीए और कॉमर्स विभाग ने डीन डॉ. नीति नाग के नेतृत्व में दो दिवसीय इंटर कॉलेज डांस प्रतियोगिता झंकार 2026 का आयोजन किया। नेक्स्टजेन सीटीपीएल के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और देश के अन्य हिस्सों से आए छात्रों ने अपने राज्यों के पारंपरिक लोक नृत्यों की छटा बिखेरी। इन बेहतरीन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

इस रंगारंग कार्यक्रम में मशहूर थियेटर व डांस कलाकार डॉ. नरेश कुमार कोंडल और डांस आर्टिस्ट मीनाक्षी शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। दोनों ने प्रतिभागियों की कला की जमकर तारीफ की और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों के परिणाम घोषित किए। इस दौरान छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. आर. एल. शर्मा, डीन फैकल्टी डॉ. अश्वनी शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. नीलम शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. आनंद मोहन और डीन हेल्थ एंड एलाइड साइंसेज डॉ. टीना शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
मैनेजमेंट विभाग की डीन डॉ. नीति नाग ने इस आयोजन को सांस्कृतिक एकता का बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कला की कोई भाषा या सीमा नहीं होती और यह प्रतियोगिता विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का काम करती है। वहीं डीन फैकल्टी डॉ. अश्वनी शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन के लिए नहीं होते बल्कि ये छात्रों के व्यक्तित्व विकास का एक अहम हिस्सा हैं। पढ़ाई के साथ ऐसी बड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने से छात्रों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना पैदा होती है जो उनके प्रोफेशनल करियर में काफी मददगार साबित होती है।