सिरमौर: कफोटा कॉलेज के प्रोफेसर और बिक्रमबाग के कमल ने AB+ रक्तदान कर बचाई दो जानें

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : “सेवा परमो धर्म:” के संदेश को चरितार्थ करते हुए जिला सिरमौर के समाजसेवियों ने एक बार फिर मानवता और निसस्वार्थ सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ के सक्रिय सदस्य विपिन ने पंजाब के डेराबस्सी स्थित अस्पताल में त्वरित रूप से पहुँचकर इमरजेंसी में AB पॉजिटिव रक्तदान कर एक महिला मरीज की जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, तहसील पांवटा साहिब के गाँव अमरकोट की रहने वाली एक महिला मरीज पंजाब के डेराबस्सी स्थित इंडस अस्पताल में उपचाराधीन थीं, जिन्हें गंभीर स्थिति में आपातकालीन AB पॉजिटिव रक्त की अत्यंत आवश्यकता थी। इसकी सूचना मिलते ही ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी के समर्पित सदस्य विपिन बिना कोई समय गँवाए तत्काल अस्पताल पहुँचे और तुरंत रक्तदान किया। विपिन राजकीय डिग्री कॉलेज कफोटा में संगीत के प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं और अध्यापन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उनका यह त्वरित और निस्वार्थ प्रयास अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना है।

मानवता की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए नाहन के समीपवर्ती गाँव बिक्रमबाग के रहने वाले कमल ने भी अपनी सेवा भावना का परिचय दिया है। उन्होंने मुंबई (महाराष्ट्र) में एक जरूरतमंद मरीज के लिए AB पॉजिटिव रक्तदान कर एक अनूठी मिसाल पेश की।

‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ सिरमौर के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने दोनों रक्तवीरों की इस सेवा भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की है और आम जनमानस से भी आपात स्थिति में रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।