नाहन : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन करने के मामले में नाहन पुलिस ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्रों और कुछ बाहरी लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई कॉलेज प्रशासन की शिकायत के आधार पर अमल में लाई गई है।
कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. देवराज शर्मा ने पुलिस थाना नाहन में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार, बीते कल प्रातः लगभग 10:38 बजे ABVP कार्यकर्ता और उनके सहयोगी अचानक महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचे और वहां ताला लगा दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने परिसर के भीतर प्रवेश कर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

गेट पर तालाबंदी होने के कारण कॉलेज में आने-जाने वाले छात्रों, प्राध्यापकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। इसके चलते सुबह के सत्र में होने वाले अध्यापन कार्य और प्रशासनिक कामकाज पर बुरा असर पड़ा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जब प्रदर्शनकारियों से बात की, तो उन्होंने इसे राज्यस्तरीय विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बताया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और मौके पर की गई पहचान के आधार पर इस मामले में छह प्रमुख लोगों की संलिप्तता पाई गई है। नामांकित आरोपियों में कॉलेज के नियमित छात्रों के साथ-साथ बाहरी यानी गैर-छात्र भी शामिल हैं। इनमें बी.ए. तृतीय वर्ष के छात्र रमन और अरुण, बी.ए. प्रथम वर्ष के छात्र आयुष चौहान और राहुल, तथा जानवी व गौरव नाम के दो गैर-छात्र शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि नाहन पुलिस ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य की तहरीर पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। SP ने कहा कि पुलिस पूरे मामले के साक्ष्य जुटा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।