नाहन जेल में विचाराधीन कैदियों के दो गुटों में खूनी झड़प, मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मॉडल केंद्रीय कारागार में स्वतंत्रता दिवस की शाम को कैदियों के दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुछ कैदी घायल हुए हैं। घटना के बाद जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस थाना सदर नाहन में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीते कल शाम को कारागार के ब्लॉक-ए में घटी। वहां मौजूद दो गुटों के विचाराधीन कैदियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। उस समय ड्यूटी पर तैनात वार्डरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने और झगड़ा रुकवाने का प्रयास किया। हालांकि, कैदियों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति पर तुरंत काबू पाना संभव नहीं हो सका।

झड़प की सूचना मिलते ही जेल परिसर में हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद अन्य वार्डर, हेड वार्डर और वरिष्ठ कारागार अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया और मारपीट शांत करवाई।

इस घटना के संबंध में मॉडल केंद्रीय कारागार नाहन के उप अधीक्षक सीता राम की ओर से पुलिस थाना सदर नाहन में औपचारिक शिकायत सौंपी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मारपीट में घायल कैदियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा पुलिस मामले की गहनता से जांच और आगामी अन्वेषण कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।