नाहन में 11.85 ग्राम चिट्टे के साथ यशवंत विहार और सुरला के युवक धरे!

नाहन : मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के सौदागरों के खिलाफ सिरमौर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। नाहन पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दो युवकों को 11.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 3 जुलाई को अमल में लाई गई। डिटेक्शन सेल नाहन पुलिस की टीम जब क्षेत्र में गश्त और कानून व्यवस्था के मद्देनजर मौजूद थी, उसी दौरान टीम को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली। सूचना के मुताबिक, नाहन के रहने वाले दो युवक एक बलेनो कार (नंबर: HP71-5999) में प्रतिबंधित मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ की बड़ी खेप लेकर कालाआम्ब की तरफ से नाहन की ओर आ रहे थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तत्काल रणनीति बनाई और सड़क पर कड़ी नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में जब संदिग्ध बलेनो कार वहां पहुंची, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वाहन को रोकने के बाद जब पुलिस टीम ने तलाशी ली, तो गाड़ी के भीतर दो युवक सवार थे। पूछताछ के दौरान गाड़ी चला रहे शख्स ने अपनी पहचान रमन लाल (32 वर्ष), निवासी गांव व डाकघर सुरला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में बताई। वहीं, बगल वाली सीट पर बैठे दूसरे युवक ने अपना नाम विलक्षण सिंह (23 वर्ष), निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन, जिला सिरमौर बताया।

जब पुलिस ने वाहन और युवकों की गहनता से तलाशी ली, तो उनके कब्जे से कुल 11.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। मादक पदार्थ मिलते ही पुलिस ने खेप और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बलेनो कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना नाहन में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य नियंत्रण अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता और बैकवर्ड लिंकेज की जांच के लिए दोनों आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।