सोलन कॉलेज और बाहरा यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शिक्षण संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग के लिए राजकीय महाविद्यालय सोलन और बाहरा विश्वविद्यालय शिमला ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, उन्नत अनुसंधान और इंडस्ट्री ओरिएंटेड शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस एमओयू पर राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्रिंसिपल डॉ. मनीषा कोहली तथा बाहरा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. (प्रो.) ऋषि पाल नैंटा ने आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस विशेष और गरिमामयी अवसर पर बाहरा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विनीत कुमार, सेवानिवृत्त आईएफएस तथा डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. सुमिता सूद भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

इस समझौते के तहत दोनों ही प्रतिष्ठित संस्थान विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक अवसर प्रदान करने, रिसर्च को बढ़ावा देने, स्किल डेवलपमेंट और मल्टीडिसीप्लिनरी शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संयुक्त रूप से काम करेंगे।

समझौते पर खुशी जताते हुए सोलन कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने कहा कि इस प्रकार के आपसी शैक्षणिक सहयोग से कॉलेज के विद्यार्थियों को बदलते हुए वैश्विक रोजगार परिदृश्य के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलेगी और करियर के क्षेत्र में नए व बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह साझेदारी आने वाले समय में दोनों संस्थानों के छात्रों और फैकल्टी के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।