नाहन: शीतला माता मंदिर के पास नशेड़ियों और पार्किंग से महिलाएं परेशान, कड़े कदम उठाने की मांग

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : बस स्टैंड के पास स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं ने गहरी चिंता जताई है। मंदिर परिसर और उससे सटे मार्ग से गुजरने वाली महिलाओं ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा यातायात को व्यवस्थित करने के लिए तुरंत आवश्यक कदम उठाने की पुरजोर मांग की है।

महिलाओं का कहना है कि मंदिर के बिल्कुल समीप अवैध व अव्यवस्थित तरीके से टैक्सियों की पार्किंग की जा रही है, जिसके कारण रास्ते में हर समय वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इस टैक्सी पार्किंग की आड़ में टैक्सी चालकों और नशे की हालत में घूमने वाले असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस वजह से यहां से आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों को भारी असहजता और असुरक्षा महसूस होती है। शाम ढलते ही स्थिति और अधिक चिंताजनक हो जाती है, जिससे महिलाओं का इस मार्ग से अकेले गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है।

स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मंदिर परिसर के समीप से टैक्सी पार्किंग को तुरंत प्रभाव से किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही मंदिर मार्ग और परिसर के आसपास सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है, ताकि पैदल आवाजाही को सुचारू और व्यवस्थित बनाया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना या हादसे की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

सुरक्षा के वातावरण को और मजबूत बनाने के लिए महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। महिलाओं का मानना है कि मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील प्वाइंट्स पर पुलिस की मौजूदगी रहने से असामाजिक तत्वों पर नकेल कसेगी और आम श्रद्धालुओं व राहगीरों, विशेषकर महिलाओं के मन में सुरक्षा का भाव पैदा होगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।