पांवटा साहिब हत्याकांड: CCTV से सुलझी गुत्थी, महिला समेत दो गिरफ्तार; जानिए क्या है हत्या की वजह

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में 54 वर्षीय पिकअप चालक भाव सिंह की हत्या के मामले को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। आरोपी मोहम्मद आमिर उर्फ फग्गू (21) और रेखा उर्फ अन्नु (29) को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और ठोस साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया है। मृतक मूल रूप से तहसील शिलाई के गांव आवत का निवासी था और मंडी में सब्जियां बेचने के बाद लौट रहा था।

पुलिस जांच के अनुसार, लूटपाट के इरादे से हत्या किए जाने की संभावना को खारिज कर दिया गया है, क्योंकि मृतक की जेब से ₹7,000 नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान सुरक्षित मिला है। सूत्रों के मुताबिक, मृतक द्वारा युवक और महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने का एंगल भी जांच में सामने आया है, जिसके बाद पैदा हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस ने इस वजह पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले के मुख्य मोटिव को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए गहन पूछताछ जारी है।

घटना मंगलवार तड़के 2 से 3 बजे के बीच की है, जब हमलावरों ने भाव सिंह पर तेजधार हथियार से वार किया। घायल अवस्था में उन्होंने जान बचाने के लिए विश्वकर्मा चौक की ओर दौड़ लगाई, लेकिन सड़क पर ही दम तोड़ दिया। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर पुलिस को संदिग्धों की आवाजाही के अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर दबिश दी गई। जब पुलिस आरोपी युवक के ठिकाने पर पहुंची, तब वह खून से सने कपड़े धोकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास कर रहा था।

वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने विश्वकर्मा चौक पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की सूचना के बाद स्थिति शांत हुई। स्थानीय निवासियों ने देर रात इलाके में सक्रिय रहने वाले नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी की जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।