पांवटा साहिब के भारापुर में जमीन विवाद पर दो गुटों में खूनी झड़प; लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला

नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के तहत पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत आते गांव भारापुर (धौलाकुआं) में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष होने का गंभीर मामला सामने आया है। खेतों में हुई इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं, वहीं एक महिला की बाजू टूटने की भी खबर है। माजरा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस थाना माजरा में दर्ज पहले मामले में भारापुर निवासी मोहन लाल पुत्र श्रीराम चंद्र ने शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 5 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे साहिल, राकेश, परवेज, सुरेश, सतिंदर, रक्षा देवी, सीमा, मीनाक्षी और नीलाक्षी ने उनकी जमीन पर आकर उन पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में मोहन लाल को चोटें आई हैं।

वहीं, इसी वारदात को लेकर दूसरे पक्ष से सुरेश कुमार पुत्र सतिंदर सिंह ने भी माजरा थाने में क्रॉस केस दर्ज करवाया है। सुरेश कुमार का आरोप है कि जब वह अपने परिवार के साथ खेतों में काम कर रहा था, तभी सलिन्द्र फौजी ट्रैक्टर लेकर उनके खेत से निकला। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सलिन्द्र फौजी ने अपने पूरे परिवार को मौके पर बुला लिया।

सुरेश कुमार के अनुसार मोहन सिंह, पान सिंह, बिट्टू, रविंद्र, कमल, भीम, ओमपाल, सुमन, सोनिया देवी, सुमन, संध्या देवी, संतोष देवी, स्वर्ण कौर, केवल, राकेश, भीम सिंह और धर्मो देवी ने लाठी, डंडों, सरियों और कसी (खेती के औजार) के साथ उनके परिवार पर हमला बोल दिया। इस हमले में उनके परिवार के लोगों को चोटें आईं और मीनाक्षी ठाकुर की दाहिनी (Right) बाजू टूट गई।

एक ही गांव में दो पक्षों के बीच हुए इस बड़े खूनी संघर्ष के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। माजरा पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों को दर्ज कर कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घायलों का मेडिकल करवाकर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है कि इस खूनी झड़प की मुख्य वजह क्या थी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।