सोलन: एल.आर.बी.एड. संस्थान में बी.एड. अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए रुखसत-ए-सफ़र थीम के अंतर्गत एक भव्य और यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में जूनियर छात्रों ने अपने सीनियरों को भावभीनी विदाई दी।

समारोह में बी.एड. विभाग की प्रधानाचार्या डॉ. निशा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इसके बाद संस्थान के प्रशिक्षुओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। समारोह के दौरान बॉलीवुड डांस, पंजाबी भांगड़ा, किन्नौरी नृत्य और पारंपरिक पहाड़ी नाटी ने वहां मौजूद सभी प्राध्यापकों और छात्रों का मन मोह लिया।
इस विशेष अवसर पर पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्रों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। विदाई समारोह का मुख्य आकर्षण भावी शिक्षकों के लिए आयोजित किया गया रैंप वॉक रहा, जिसमें छात्रों ने अपने स्टाइल और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायकों द्वारा मिस्टर फेयरवेल नितिन, मिस फेयरवेल प्रकृति, मिस्टर पर्सनैलिटी, विशाल, मिस पर्सनैलिटी, रितु ठाकुर चुने गए।
भावी शिक्षकों को अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन देते हुए प्रधानाचार्या डॉ. निशा शर्मा ने कहा कि शिक्षण एक गरिमामय पेशा है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन के सफर में हमेशा आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर रहना सीखें। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने और विपरीत परिस्थितियों में भी कभी हार न मानने की सीख दी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि कड़ी मेहनत और सच्ची लगन ही सफलता की असली कुंजी है। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी निवर्तमान विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं और उन्हें जीवन में सदैव सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस विदाई समारोह को सफल बनाने में संस्थान के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और जूनियर व सीनियर छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।