पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व नालागढ़ के पांच बार विधायक रहे राजा विजेंद्र सिंह का निधन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ राजनेता राजा विजेंद्र सिंह का निधन हो गया है। उनके अवसान से प्रदेश के राजनीतिक हलकों और विशेषकर नालागढ़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समर्थकों और परिजनों ने गहरा दुख साझा किया है।

राजा विजेंद्र सिंह का जन्म 26 जून 1946 को नालागढ़ रियासत के शाही परिवार में हुआ था। अभी पिछले हफ्ते ही उनके परिवार और शुभचिंतकों ने उनका 80वां जन्मदिन मनाया था। राजनीति में लंबा समय बिताने के बावजूद वे अपने सरल, सौम्य और जमीन से जुड़े स्वभाव के लिए जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे।

1977 से 1998 तक नालागढ़ की आवाज रहे राजा विजेंद्र

राजा विजेंद्र सिंह ने साल 1977 से लेकर 1998 तक लगातार पांच बार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में भी बेहतरीन सेवाएं दीं। क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और जनहित के मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

उनके निधन पर प्रदेश भर के सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।