भांभी भनोत स्कूल में बैग फ्री डे पर क्विज का आयोजन, विवेक, दिवांश और गौरव की टीम रही प्रथम

नाहन : राजकीय माध्यमिक पाठशाला भांभी भनोत में शिक्षा सत्र के पहले ‘बैग फ्री डे’ को बेहद खास अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में छात्रों के लिए एक विशेष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बिना बस्ते के बोझ के, आधुनिक उपकरणों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवान और शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त हेडमास्टर विरेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का मनोबल बढ़ाया और छात्रों को जीवन में अनुशासन, अच्छे कार्य करने तथा निरंतर आगे बढ़ने के बहुमूल्य टिप्स साझा किए।

प्रतियोगिता को आधुनिक उपकरणों और तकनीक के जरिए करवाया गया, जिससे बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। कड़े मुकाबले के बाद विवेक ठाकुर, दिवांश और गौरव की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य और अभिभावक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्रभारी सुभाष शर्मा ने जानकारी दी कि स्कूल स्टाफ ने यह सामूहिक निर्णय लिया है कि हर माह ‘बैग फ्री डे’ के अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से न केवल बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है, बल्कि उनमें नई चीज़ें सीखने की जिज्ञासा भी बढ़ती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।