राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में पझौता की कविता चौहान ने किया सिरमौर का प्रतिनिधित्व

Photo of author

By Hills Post

नाहन: सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे राजकीय महाविद्यालय पझौता की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की स्वयंसेवी कविता चौहान ने राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा उत्तराखंड के देहरादून में 30 सितंबर से 6 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित ‘वंदे मातरम् राष्ट्रीय एकीकरण शिविर’ में कविता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।

इस छह दिवसीय राष्ट्रीय शिविर में देश के छह राज्यों केरल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के 150 राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों ने भाग लिया, जिनमें हिमाचल प्रदेश के 25 स्वयंसेवी शामिल रहे। विशेष बात यह रही कि प्रदेश के इन 25 स्वयंसेवियों में से केवल दो को ही जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ। युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने तथा विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता के बीच सामंजस्य विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ 30 सितंबर को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया था।

शिविर के दौरान पझौता महाविद्यालय की स्वयंसेवी कविता चौहान ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का शानदार परिचय दिया। उन्होंने उद्घाटन सत्र से लेकर समापन समारोह तक विभिन्न प्रमुख आयोजनों में मंच संचालन का दायित्व सफलता पूर्वक निभाया, जिसकी शिविर प्रबंधन और अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों द्वारा विशेष सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि सिरमौर जिले के धामला गांव की रहने वाली कविता चौहान इससे पूर्व कांगड़ा और नाहन में आयोजित तीन यूथ एक्सचेंज कार्यक्रमों में भी अपनी छाप छोड़ चुकी हैं।

शिविर के समापन अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कविता चौहान ने कहा कि देश के विभिन्न प्रांतों से आए युवाओं के साथ समय बिताना उनके लिए एक प्रेरणादायक और अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्कृतियों और विचारों को करीब से जानने से उनके भीतर ‘विविधता में एकता’ की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है। यहां से प्राप्त आत्मविश्वास, नई ऊर्जा और नेतृत्व के गुणों का उपयोग वे समाज और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में निरंतर करती रहेंगी।

महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रकाश शर्मा ने कविता चौहान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे मंच विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और व्यापक दृष्टिकोण के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कविता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता महाविद्यालय के अन्य स्वयंसेवियों के लिए भी एक बड़ा प्रेरणास्रोत साबित होगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।