LR इंस्टीट्यूट सोलन के 60 छात्रों ने किया पुलिस थाने का शैक्षणिक भ्रमण

Photo of author

By Hills Post

सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के अंतर्गत संचालित एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, ओचघाट सोलन के 60 विधि छात्रों ने सोलन पुलिस प्रशासन के विशेष सहयोग से पुलिस थाना सोलन का एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने महिला पुलिस थाना, यातायात पुलिस शाखा तथा पुलिस थाना सदर सोलन का दौरा कर पुलिस की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और व्यावहारिक कानूनी प्रक्रियाओं को गहराई से समझा।

संस्थान की सहायक प्रोफेसर आँचल दड़वाल, सहायक प्रोफेसर मनोज कुमार और सहायक प्रोफेसर शकुंतला के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस शैक्षणिक दल को पुलिस अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की चरणबद्ध प्रक्रिया, महिला सुरक्षा से संबंधित कड़े कानूनों, यातायात नियमों तथा दैनिक पुलिस संचालन के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इसके साथ ही छात्रों ने थाने के रिकॉर्ड रूम, मालखाना और कंट्रोल रूम का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और अपनी विभिन्न शंकाओं व जिज्ञासाओं का अधिकारियों से समाधान प्राप्त किया।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. सुनील देश्टा पूर्व डीन, विधि संकाय, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला ने शैक्षणिक भ्रमण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानून की शिक्षा में सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव का होना अत्यंत अनिवार्य है। इस तरह के प्रत्यक्ष भ्रमण से भावी वकीलों में कानूनी प्रक्रियाओं की वास्तविक समझ विकसित होती है और न्यायिक प्रणाली के प्रति एक स्पष्ट व्यावहारिक दृष्टिकोण का निर्माण होता है।

शैक्षणिक भ्रमण के सफल एवं ज्ञानवर्धक आयोजन के उपरांत एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज प्रबंधन ने विद्यार्थियों को यह बहुमूल्य व्यावहारिक मंच और सहयोग प्रदान करने के लिए सोलन पुलिस प्रशासन का औपचारिक रूप से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।