हिमाचल में शी ट्रैवल नीति से सुरक्षित होगा महिला पर्यटन, कांगड़ा बनेगा पर्यटन राजधानी

Photo of author

By Hills Post

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वाराणसी में आयोजित फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स ऑफ इंडिया (FHRAI) के 56वें वार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए देश-विदेश के होटल व्यवसायियों, टूर ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंटों को हिमाचल प्रदेश के अनछुए और नए पर्यटन स्थलों को अपने टूर पैकेज में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का पर्यटक केवल पारंपरिक स्थलों तक सीमित न रहकर शांति, प्रकृति, वेलनेस, प्रामाणिक अनुभवों और ग्रामीण जीवनशैली को प्राथमिकता दे रहा है, जिसे पूरा करने के लिए हिमाचल पूरी तरह सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पर्यटकों के लिए हिमाचल को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से सरकार शी ट्रैवल (She Travel) नीति तैयार कर रही है। इसके साथ ही महिलाओं को होमस्टे, हस्तशिल्प, स्थानीय खाद्य उत्पाद और पर्यटन आधारित स्टार्टअप से जोड़कर महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए होमस्टे नियम-2025 भी लागू किए गए हैं, जिससे पर्यटकों को ग्रामीण संस्कृति से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

पर्यटन के बुनियादी ढांचे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा को प्रदेश की ‘पर्यटन राजधानी’ के रूप में विकसित किया जा रहा है और कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के साथ-साथ इसके समीप एयरोसिटी बसाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय के निकट हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिससे हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ-साथ आपातकालीन चिकित्सा और आपदा प्रबंधन को भी बल मिलेगा।

सुक्खू ने बताया कि वर्ष 2025 में 3.11 करोड़ पर्यटकों ने हिमाचल का रुख किया, जिनमें 1.66 करोड़ धार्मिक पर्यटक शामिल थे, जबकि वर्ष 2026 में जुलाई माह तक ही 1.06 करोड़ पर्यटक राज्य का भ्रमण कर चुके हैं। उन्होंने पैराग्लाइडिंग बीड़-बिलिंग, स्कीइंग, रिवर राफ्टिंग, ट्रैकिंग जैसे साहसिक खेलों और प्रमुख शक्तिपीठों, बौद्ध मठों व गुरुद्वारों से जुड़े धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी हितधारकों से राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।