सोलन: जिला के धर्मपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी डगशाई ने जोहड़ पटियाला क्षेत्र में झाड़ियों से बरामद हुए खून से लथपथ शव के ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को मात्र 4 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक़ पिछले कल डगशाई पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि जोहड़ पटियाला के पास कच्ची सड़क के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है और सड़क पर भी काफी खून बिखरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

मृतक की पहचान रूप लाल आयु 40 वर्ष पुत्र श्री काली के रूप में हुई। रूप लाल मूल रूप से नेपालगंज समीप रुपैड़िया, नेपाल का रहने वाला था और वर्तमान में जोहड़ पटियाला, भोजनगर, सोलन में रहकर अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करता था। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी बलदेव के बयान के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। बयान के मुताबिक रूप लाल 4 जुलाई 2026 की शाम को अपने साडू को छोड़ने के लिए घर से पैदल निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा और अगले दिन उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से खून से सना एक चाकू और अन्य सबूत भी जब्त किए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य विज्ञान प्रयोगशाला जूंगा की विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण कॉल रिकॉर्ड व लोकेशन और गवाहों के बयानों पर काम करना शुरू किया।
संदेह के आधार पर जब मृतक की पत्नी चन्द्रा चलाउने आयु 26 वर्ष, मूल निवासी खजुरा, जिला नेपालगंज, नेपाल से गहन पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया गया, तो उसकी संलिप्तता साफ हो गई। जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
चन्द्रा से हुई कड़ी पूछताछ और डिजिटल सबूतों के विश्लेषण के बाद इस जघन्य हत्याकांड में एक और व्यक्ति का नाम सामने आया। इसके तुरंत बाद धर्मपुर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सह-आरोपी चक्रा बहादुर कामी आयु 35 वर्ष, मूल निवासी जिला सल्याण, नेपाल वर्तमान निवासी बीटीएम अपार्टमेंट कुमारहट्टी, सोलन को कुमारहट्टी से दबोच लिया।
प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों से यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश और कथित षड्यंत्र के तहत रूप लाल को रास्ते से हटाने के लिए उसकी बेरहमी से हत्या की थी। चूंकि मामले की शुरुआत में कोई प्रत्यक्षदर्शी या सुराग नहीं था, इसलिए यह एक पूरी तरह से ब्लाइंड मर्डर केस था। लेकिन सोलन पुलिस की विशेष टीम ने पेशेवर सूझबूझ का परिचय देते हुए घटना के मात्र 4 घंटे के भीतर दोनों कातिलों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस उनका रिमांड हासिल करेगी। पुलिस रिमांड के दौरान हत्या की असल वजह और इस वारदात से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहनता से तफ्तीश की जाएगी। मामले की आगामी जांच अभी जारी है।