स्वच्छता में भी है भक्ति: मणिमहेश यात्रा मार्ग पर सफाई अभियान 15 जुलाई से, आप भी बनें हिस्सा

चंबा : भगवान शिव की पवित्र मणिमहेश यात्रा इस वर्ष एक खास संदेश लेकर आ रही है “स्वच्छ मणिमहेश, स्वच्छ आस्था”। हाल के वर्षों में यात्रा मार्ग पर बढ़ते प्लास्टिक कचरे, बोतलों और अन्य अपशिष्टों ने प्राकृतिक सौंदर्य को क्षति पहुँचाई है। इसी चिंता को समझते हुए हिलिंग हिमालया संस्था की पहल पर, चंबा प्रशासन व अन्य स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक हड़सर से मणिमहेश झील तक एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है, बल्कि शिव भक्तों को यह संदेश देना है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ से नहीं, बल्कि प्रकृति की रक्षा से भी होती है। भगवान शिव को प्रकृति का रक्षक माना जाता है, और उनके धाम की पवित्रता बनाए रखना हर श्रद्धालु का दायित्व है।

मणिमहेश यात्रा

हिलिंग हिमालया ने जानकारी दी कि इस अभियान में सभी शिवभक्त, स्थानीय निवासी, युवा समूह, और एनजीओ हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागी स्वयंसेवक के रूप में जुड़ सकते हैं, चाहे व्यक्तिगत रूप से हों या परिवार व मित्रों के साथ मिलकर। सफाई के दौरान प्लास्टिक कचरे का संग्रह, जागरूकता अभियान और पर्यावरणीय शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अभियान में आप कैसे जुड़ सकते हैं:

यदि आप व्यक्तिगत रूप से इस पवित्र सेवा में भाग लेना चाहते हैं, तो आपके लिए एक सरल पंजीकरण प्रक्रिया रखी गई है। आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके स्वयंसेवक फ़ॉर्म भर सकते हैं। आप अकेले, अपने परिवार या दोस्तों के साथ इस सफाई अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। व्यक्तिगत रूप से इस अभियान में भाग लेने के लिये https://docs.google.com/forms/d/1UStuML-NuLlj11rSQSDOjLhriF6MelXnxZsKoBdKQ7E/edit?chromeless=1 इस फार्म को भरें ।

वहीं यदि आप किसी संस्था, संगठन, ट्रस्ट या समूह के रूप में इस अभियान में सहभागिता करना चाहते हैं, तो उसके लिए एक अलग पंजीकरण फॉर्म उपलब्ध है। समूहों की भागीदारी इस अभियान को अधिक संगठित और प्रभावशाली बनाएगी।

संस्थागत रूप से इस अभियान में भाग लेने के लिये https://docs.google.com/forms/d/1nsDxHKJE5dKGUwcT7yjuZI80GpqOf6w3v13FDR59qlU/edit?chrom इस फार्म को भरें

यह अभियान सेवा का अवसर है और आने वाली पीढ़ियों के लिए मणिमहेश को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प भी। महादेव के भक्तों से अपील की जाती है कि आगे आकर इस कार्य में सहभागी बनें और इस आस्था यात्रा को एक पर्यावरणीय आंदोलन का रूप दें। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7827097975 पर संपर्क कर सकते हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed