भाजपा का हिमाचल सरकार को गिराने का प्रयास चुनावों में मुख्य मुद्दा: रोहित ठाकुर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: कांग्रेस के शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी और प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि स्थानीय मुद्दों के अलावा भाजपा का हिमाचल सरकार को गिराने का प्रयास लोकसभा चुनावों में मुख्य मुद्दा होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में लोकसभा चुनाव में चारों सीट जीत कर जीत का चौका और 6 विस उपचुनाव में जीत का छक्का लगाएगी। ठाकुर सोमवार को यहां पत्रकारों से बीतचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के समय भाजपा नेताओं का प्रदेशवासियों की सहायता करने की बजाए अपने दायित्व से किनारा करने पर भी सवाल पूछे जाएंगे।

हिमाचल सरकार को गिराने का प्रयास

रोहित ठाकुर ने कहा कि 15 माह पहले प्रदेश की कांग्रेस सरकार को पिछली भाजपा सरकार द्वारा छोड़ा गया 76 हजार करोड़ रुपए का कर्ज और 10 हजार करोड़ रुपए की देनदारियों विरासत में मिली थी। इसके बावजूद सरकार बेहतरीन ढंग से अपने दायित्व का निर्वहन कर रही है। चुनावों में जनता से किए गए वादों और गारंटियों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जा रहा है उन्होंने कहा कि भयंकर आपदा के बावजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 4500 करोड़ रुपए का विशेष बजट आपदा प्रभावितों के लिए जारी किया। इतना ही नहीं सीएम सुक्खू ने अपनी जमापूंजी के 51 लाख रुपए भी आपदा राहत कोष में दान करके मानवता का परिचय दिया, लेकिन उस आपदा के वक्त भाजपा नेता पूरे परिदृश्य से गायब थे और आज प्रदेशवासियों के हितों की कथित तौर पर झूठी पैरवी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस आपदा के दौरान भाजपा नेताओं के गायब रहने को मुख्य मुद्दा बनाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार का 15 माह का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। इस दौरान आपदा से बखूबी निपटने के अलावा ओपीएस को बहाल किया गया, जिससे प्रदेश के 1.36 लाख पैंशनरों का भविष्य सुरक्षित हो पाया है। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों के लिए सुखाश्रय योजना के अलावा नारी सम्मान योजना प्रमुख रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक साल से भाजपा नेता महिलाओं को 1500 रुपए न मिलने का रोना रोते रहे और जब सरकार ने चुनावों से पहले अधिसूचना जारी कर दी तो नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चुनाव आयोग के पास इस योजना के फार्म न भरने की शिकायत लेकर पहुंच गए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के बजट में प्रदेश की उन्नति के लिए अहम निर्णय लिए गए हैं। साथ ही शिक्षा विभाग में 7 हजार पदों को भरने की स्वीकृति भी कैबिनेट से मिल चुकी है। सिरमौर के हाटी मुद्दे पर पूछे गए प्रश्न के जबाव में उन्होंने कहा कि यह मुद्दा विस चुनाव में भी जोर-शोर से उठा था बावजूद इसके सिरमौर की जनता ने 5 में से 3 सीटें कांग्रेस की झोली में डाली। सिरमौर डॉ. वाईएस परमार का गृह क्षेत्र रहा है और कांग्रेस की वर्किंग से लोक भलिभांति परिचित है।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि यह लड़ाई सच और झूठ के बीच की है। लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता ही इसका फैसला करेगी। सीपीएस संजय अवस्थीने कहा कि भाजपा अपने शीर्ष नेतृत्व के नाम पर ही चुनावी मैदान में है। आपदा के समय जब जनता को जरूरत थी तो भाजपा नेताओं ने सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि सोलन ने मशरूम यूनिट शिफ्ट करना, यहां की जनता के साथ अन्याय है। सोलन को देश की मशरूम सिटी ऑफ इंडिया कहा जाता है।

सीपीएस राम कुमार चौधरी ने सांसद व शिमला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सांसद ने बद्दी विस क्षेत्र की घोर उपेक्षा की है। सरकार का खजाना भरने वाले क्षेत्र की भी सांसद ने कभी सुध नहीं ली। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस बार वह कांग्रेस प्रत्याशी को अपने क्षेत्र से लीड दिलाएंगे।

कांग्रेस के शिमला लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी व कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने अपनी बात रखी और सांसद सुरेश कश्यप पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि संसद में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कितने प्रश्न पूछे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed