Demo

नाहन में महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन

नाहन : आज नाहन में महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस की पूर्व संध्या पर वाल्मीकि सभा द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा किया गया, जिन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस आयोजन की शुरुआत की। इस शोभायात्रा में भगवान श्री राम, हनुमान और अन्य देवताओं की झांकियां प्रमुख आकर्षण रहीं, जिन्हें देख श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने अपने महान काव्य रामायण के माध्यम से पूरे विश्व को भाईचारे और सच्चे जीवन का आदर्श प्रस्तुत किया। डॉ. बिंदल ने कहा, महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्री राम के जीवन का ऐसा वर्णन किया जो युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा। उनके आगमन से पूरे विश्व में एक नए युग की शुरुआत हुई।

balmiki yatra

डॉ. बिंदल ने शरद पूर्णिमा और महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस की पूर्व संध्या पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिन पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि हमें महर्षि वाल्मीकि के जीवन से पारिवारिक जीवन और राष्ट्र को श्रेष्ठ बनाने के आदर्श प्राप्त करने चाहिए।

महर्षि वाल्मीकि सभा द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में भगवान राम और हनुमान की झांकियों के साथ-साथ महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को दर्शाते हुए विभिन्न प्रदर्शन हुए। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ इसमें भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनके द्वारा स्थापित उच्च आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना था।