नाहन : सिरमौर जिला के नाहन उपमंडल की नलका पंचायत में आज मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण गांव का निकास तंत्र पूरी तरह चरमरा गया, जिससे बारिश का पानी लोगों के घरों, स्थानीय मंदिर और सरकारी स्कूल परिसर में जा घुसा। देखते ही देखते पूरा गांव जलमग्न हो गया और लोगों के आशियाने तालाब में तब्दील हो गए। पानी के तेज बहाव और जलभराव से ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
नलका गांव के निवासी पंकज शर्मा ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह से ही क्षेत्र में लगातार मुसलाधार बारिश हो रही थी। दोपहर होते-होते गंदे पानी का तेज बहाव उनके घर के भीतर दाखिल हो गया। देखते ही देखते कमरे जलमग्न हो गए, जिससे घर में रखा राशन, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान पूरी तरह खराब हो गया। पानी का स्तर इतना बढ़ गया था कि घर के अंदर रखा सामान तैरने लगा।

पंकज शर्मा और स्थानीय निवासी नरेंदर शर्मा ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि नलका गांव में यह समस्या कोई नई नहीं है। पिछले साल भी भारी बारिश के दौरान इसी तरह गांव में पानी घुसा था और भारी तबाही हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष हुए नुकसान के बाद उन्होंने पंचायत से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों तक नालियों के निर्माण और पानी की निकासी के पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई थी, लेकिन प्रशासनिक उपेक्षा के चलते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की इसी लापरवाही का खामियाजा आज फिर पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है।
गांव के रिहायशी मकानों के साथ-साथ स्थानीय मंदिर और स्कूल इमारत के चारों तरफ पानी ही पानी बह रहा है। परिसर के बाहर चारों ओर पानी के तेज बहाव और जलभराव के कारण आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है और व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत राशि प्रदान की जाए और गांव में पानी की सही निकासी के लिए पक्की नालियों व ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की आपदा से बचा जा सके।