कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के गढ़ में BJP की बड़ी सेंध: संगड़ाह BDC पर भाजपा का कब्जा

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के संगड़ाह ब्लॉक में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बीडीसी (BDC) चुनाव में शानदार जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को एक बड़ा झटका दिया है। यह जीत इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि संगड़ाह ब्लॉक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का गृह क्षेत्र है। भाजपा ने इस जीत को अपनी नीतियों और जनता के बदलते जनादेश का बड़ा संकेत बताया है।

संगड़ाह बीडीसी के कुल 15 सदस्यों में से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों ही शीर्ष पदों पर कब्जा जमाया। अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित अनिला कुमारी और उपाध्यक्ष पद पर दिनेश ठाकुर निर्वाचित घोषित किए गए। मतदान के दौरान अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनिला कुमारी को 8 वोट मिले, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए दिनेश ठाकुर को 9 वोट हासिल हुए।

जीत के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर भाजपा नेता नारायण सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में मिली यह जीत साफ करती है कि जनता का रुख बदल चुका है। उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थित कुछ सदस्यों ने भी भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताते हुए हमारे पक्ष में मतदान किया है। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी इसी तरह का ऐतिहासिक प्रदर्शन दोहराएगी।

वहीं, नवनिर्वाचित बीडीसी अध्यक्ष अनिला कुमारी ने जीत के बाद सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलेंगी। संगड़ाह क्षेत्र के समग्र विकास के लिए काम करना और रुके हुए विकास कार्यों को गति देना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी।

इस जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है, जबकि कांग्रेस के इस मजबूत गढ़ में मिली हार के बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।