कुनिहार के सनौगी से चोरी हुई 9 लाख की ब्रेजा कार आंजी घाट के पास से बरामद

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला की कुनिहार पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में चोरी हुई ब्रेजा कार को बरामद कर लिया है। करीब 9 लाख रुपये कीमत की यह कार गांव सनौगी से चोरी हुई थी, जिसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गंभरपुल-दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के पास एक सुनसान जगह से ढूंढ निकाला।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुनिहार निवासी संतोष कुमारी ने पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनके पति ने अपनी ब्रेजा कार गांव सनौगी में सड़क किनारे खड़ी की थी। 20 नवंबर की सुबह जब वे वहां पहुंचे, तो गाड़ी मौके से गायब थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर विभिन्न स्थानों पर कार की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी कार चुराकर ले गया है।

शिकायत के आधार पर कुनिहार पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत वाहन की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। पुलिस के निरंतर प्रयासों के चलते चोरी हुई ब्रेजा कार को गंभरपुल-दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के समीप एक सुनसान स्थान से बरामद कर लिया गया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed