नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की त्रिलोकपुर शाखा द्वारा, राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड – NABARD) के सौजन्य से आज बुधवार (1 जुलाई 2026) को एक दिवसीय ‘डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को आधुनिक डिजिटल बैंकिंग, विभिन्न बचत योजनाओं और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बैंक के कार्यकारी सहायक मोहित वर्मा ने ग्रामीणों को विस्तार से संबोधित किया। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं जैसे—प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY) और प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे बेहद कम प्रीमियम पर ग्रामीण इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं।

मोहित वर्मा ने हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए चलाई जा रही विशेष जमा और ऋण योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय महिलाओं को महिला सशक्तिकरण ऋण योजना के माध्यम से स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए सपनों का संचय योजना, दैनिक छोटे बचतकर्ताओं के लिए पिग्मी बचत योजना, किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और हिम स्वरोजगार क्रेडिट कार्ड के लाभ समझाए। साथ ही, उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (SHG), संयुक्त देयता समूहों (JLG) और गृह ऋण (Home Loan) के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते महत्व से अवगत कराया गया और मोबाइल बैंकिंग व एटीएम (ATM) के उपयोग को लेकर विशेष रूप से सचेत किया गया। बैंक अधिकारी ने ग्रामीणों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि वे अपने बैंक खाते से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी जैसे—एटीऐम पिन (PIN), ओटीपी (OTP), या पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी भी असावधानी ऑनलाइन धोखाधड़ी (Cyber Fraud) का कारण बन सकती है।
अंत में मोहित वर्मा ने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहकारी बैंक से जुड़कर इन कल्याणकारी योजनाओं और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाएं।
इस साक्षरता शिविर में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में गीता देवी, ज्योति चौहान, मनीष, अवलदीप राणा, श्यामा देवी, उमेश पोसवाल और प्राथमिक कृषि साख समिति (PACS) के सचिव अशोक कुमार सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।