धौलाकुआँ अनाज मंडी बंद करने का प्रदेश सरकार का फैसला किसान एवं जनविरोधी: डॉ. बिंदल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर जिला के धौलाकुआँ में भाजपा सरकार में खोली गई अनाज मंडी को बंद करने के कगार पर खड़ा करने के प्रदेश कांग्रेस सरकार के फैसले को किसान और जनविरोधी बताया। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद है कि एक के बाद एक जनहितैषी सरकारी संस्थानों पर तालाबंदी की जा रही है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि लंबे प्रयासों के बाद धौलाकुआँ में अनाज मंडी खड़ी की गई थी। भारतीय जनता पार्टी और हमारे गंभीर प्रयासों के बाद नाहन विधानसभा क्षेत्र और पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए, किसानों की सुविधा के लिए धौलाकुआँ में अनाज मंडी शुरू हुई थी।

उन्होंने कहा कि अनेक वर्षों तक हमारे किसान अपना धान और गेहूँ इस अनाज मंडी में बेचते रहे। वे किसान, जो लगातार हरियाणा की मंडियों में अपना अनाज बेचने को मजबूर थे, लंबे समय तक उनका पैसा वापस नहीं आता था। 24 और 48 घंटे के अंदर किसान को धौलाकुआँ में अपना अनाज बेचने के बाद पैसा मिल जाता था। परंतु बड़े दुर्भाग्य का विषय है कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार और हमारे कांग्रेस के माननीय विधायक ने धौलाकुआँ की मंडी को बंद होने के कगार पर ला खड़ा कर दिया।

कृषि विभाग ने अधिसूचना कर दी है कि यहाँ पर मंडी नहीं बनने देंगे। उन्होंने उस स्थान पर, जहाँ पर अनाज की खरीद-फरोख्त होती थी, ट्रैक्टर चलाकर उसमें फसल की बिजाई कर दी। यह कैसी सरकार है, जो लगातार तालाबंदी का काम कर रही है?

अभी पिछले चार साल में, जहाँ मंडी शुरू की गई थी, वहाँ पर पक्का फड़ बन जाना चाहिए था, शेड बन जाने चाहिए थे, ताकि बरसात और खराब मौसम में अनाज की खराबी न हो। मंडी का विस्तार होना चाहिए था, परंतु ऐसा नहीं हुआ और इलाके के किसान आज इस चिंता में हैं कि अगले महीने जो उनकी फसल निकलेगी, उसकी खरीद कहाँ होगी। यह गंभीर विषय है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा – “हम, प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह करते हैं कि किसानों के हित में इस विषय को गंभीरता से लें, नहीं तो किसानों को भारी नुकसान होगा।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।