नाहन : शहर में नागरिकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क अवसंरचना में सुधार की एक बड़ी पहल शुरू की गई है। विधायक अजय सोलंकी ने नगर परिषद की अध्यक्ष उपमा धीमान और एसडीएम राजीव संख्यान सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया। इस योजना के तहत बिरोजा फैक्ट्री से लेकर डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और नीचे गोविंदगढ़ तक के लगभग 5 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग पर पैदल पथ (फुटपाथ), ब्लैक स्पॉट्स के सुधार और सुरक्षित बस स्टॉपेज के निर्माण की दिशा में काम तेज कर दिया गया है।
इस योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों, नगर परिषद की अध्यक्ष उपमा धीमान, एसडीएम राजीव संख्यान, एक्सियन , राजस्व विभाग और स्थानीय पटवारियों द्वारा संयुक्त रूप से स्थल का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक दबाव वाले प्रमुख स्थानों, पैदल चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा और उपलब्ध ज़मीन का व्यापक आकलन किया गया।

कार्मेल स्कूल, आईटीआई और डिग्री कॉलेज जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों वाले इस व्यस्त मार्ग पर आए दिन यातायात की समस्या और पैदल यात्रियों के लिए हादसों का खतरा बना रहता है। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि शिमला और सोलन की तर्ज पर यहाँ एक समर्पित पेडेस्ट्रियन पथ बनाया जाएगा। इसके अलावा, नियमित यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्थित बस स्टॉपेज चिन्हित किए जा रहे हैं, ताकि बसों के रुकने से मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम से निजात मिल सके।
सड़क सुरक्षा के इस व्यापक प्रोजेक्ट के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को बजट आवंटन और अंतिम स्वीकृति के लिए भेजी जा रही है। इसके साथ ही, लगभग 2 किलोमीटर के दायरे में नगर परिषद की 12.5 बीघा ज़मीन को भी चिन्हित किया गया है। इस भूमि का उपयोग शहर में जनसुविधाओं के विस्तार और अतिक्रमण हटाने के लिए किया जाएगा, जिससे नाहन के नागरिकों के लिए सफर अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।