नाहन: जर्जर हुआ माता बालासुन्दरी हॉस्टल, छात्रों ने DC से लगाई जीर्णोद्धार की गुहार

नाहन : गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, नाहन में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्रों ने उपायुक्त प्रियंका वर्मा के समक्ष अपनी प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से रखा। छात्रों ने जगन्नाथ मंदिर परिसर में संचालित ‘माता बालासुन्दरी छात्रावास’ की बदहाल स्थिति से उन्हें अवगत कराते हुए इसके जल्द जीर्णोद्धार की अपील की।

छात्रों ने बताया कि हॉस्टल के शौचालयों, स्नानागारों और किचन की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। टूट-फूट और असुविधा के कारण उन्हें दैनिक दिनचर्या में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने उपायुक्त से जल्द से जल्द बजट जारी कर हॉस्टल की मरम्मत करवाने की मांग की, ताकि उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित आवासीय वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि संस्थान के पास वर्तमान में पर्याप्त वित्तीय प्रावधान उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण हॉस्टल का जीर्णोद्धार करा पाना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने भी छात्रहित में जिला प्रशासन से वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।

उपायुक्त सिरमौर ने छात्रों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और नशा मुक्ति के संदेश के साथ-साथ संस्थान की मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।