नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित नाहन से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला पुलिस थाना सदर नाहन क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय कुंजन शर्मा, निवासी गांव जरजा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे तुरंत डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत नाहन अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि घरेलू मनमुटाव को लेकर उपजे तनाव के चलते युवती ने कथित तौर पर कोई आत्मघाती कदम उठाया है।
नाहन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में परिजनों व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा, फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।