नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू नाहन की पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बीते कल कालाअंब के समीप मोगीनंद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 11.54 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा/स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईयू नाहन की टीम गश्त के दौरान सैनवाला, मोगीनंद और कालाअंब क्षेत्र की ओर रवाना थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति आपसी मिलीभगत से लंबे समय से मोगीनंद, कालाअंब और आसपास के इलाकों में चिट्टा/स्मैक बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपी मोगीनंद स्थित हिमुडा कॉलोनी में पीपल के पेड़ के पास मौजूद हैं और यदि तुरंत दबिश दी जाए तो उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिमुडा कॉलोनी के पास घेराबंदी की और मौके पर मौजूद दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुनील कुमार उर्फ विक्की (35 वर्ष) पुत्र ज्ञानचंद, निवासी मकान नंबर 181, वार्ड नंबर 09, वाल्मीकि बस्ती नारायणगढ़, जिला अंबाला, हरियाणा तथा बृजमोहन (30 वर्ष) पुत्र चमन लाल, निवासी गांव डेरा, डाकघर हमीदपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला हरियाणा के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके विरुद्ध पुलिस थाना कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और क्षेत्र में किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।