पांवटा साहिब में ट्राले ने स्कूटी को मारी टक्कर, पेट्रोल पंप का कैशियर गंभीर रूप से घायल

नाहन : पांवटा साहिब के साहिबजादा अजीत सिंह चौक (नजदीक भूपपुर) पर एक तेज़ रफ्तार ट्राले द्वारा स्कूटी सवार को टक्कर मारकर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने चश्मदीद की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कमरऊ तहसील के गांव बाग हावड़ा के रहने वाले श्री राहुल शर्मा ने बताया कि बीते कल (19 मई) को वह अपने पेट्रोल पंप से काम निपटाकर अपने कमरे की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह साहिबजादा अजीत सिंह चौक के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि रैनबैक्सी चौक की तरफ से पांवटा साहिब की ओर जा रहे एक तेज़ रफ्तार ट्राले ने लापरवाही से ओवरटेक (पास) लेते हुए अपने आगे चल रहे स्कूटी चालक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक ट्राला लेकर मौके से फरार हो गया।

हादसा होते ही राहुल शर्मा तुरंत घायल की मदद के लिए दौड़े। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए; घायल व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि उन्हीं के पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कैशियर श्री योगराज वालिया थे, जो अपनी स्कूटी (नंबर- HP17C-2156) पर सवार थे। हादसे में योगराज वालिया को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद जब मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कंप्यूटर पर खंगाला गया, तो फरार हुए आरोपी के ट्राले का नंबर HR38AJ-8419 साफ तौर पर मालूम चल गया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि चश्मदीद के बयानों और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम नंबर के आधार पर आरोपी चालक और ट्राले को दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।