सोलन: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) द्वारा फीस में की गई बढ़ोतरी के विरोध में मंगलवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की राजकीय महाविद्यालय सोलन इकाई ने कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष स्वरूप एचपीयू के कुलपति का पुतला जलाया।

एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा फीस में 25 प्रतिशत की वृद्धि करना छात्र विरोधी फैसला है, जिससे विद्यार्थियों पर सीधा अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा कोई व्यवसाय नहीं बल्कि हर विद्यार्थी का मौलिक अधिकार है। लगातार बढ़ती फीस का सबसे बुरा असर मजदूर, किसान और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है, जिनके लिए उच्च शिक्षा हासिल करना लगातार कठिन होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जोर देकर कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए।
संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि छात्रों के कड़े विरोध और निरंतर आंदोलन के दबाव के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने फीस वृद्धि में 15 प्रतिशत की कटौती करने का निर्णय लिया है। एसएफआई ने इसे छात्रों के संघर्ष की आंशिक जीत करार दिया। हालांकि, छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक 25 प्रतिशत की पूरी फीस वृद्धि को शत-प्रतिशत वापस नहीं लिया जाता, तब तक छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उनका लोकतांत्रिक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।