मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनगणना-2027 में अपने सक्रिय सहयोग की अपील की

Photo of author

By Hills Post

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तथा उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत अपने सरकारी आवास ओकओवर में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर बर्फबारी वाले और हिमाच्छादित क्षेत्रों के निवासियों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भविष्य की योजनाओं, विकास और वास्तविक आवश्यकताओं के सटीक आकलन के लिए सही आंकड़ों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से 17 से 31 अगस्त, 2026 तक उपलब्ध डिजिटल स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाने और अपनी सही जानकारी दर्ज करने की अपील की।

इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि 1 से 30 सितम्बर, 2026 तक घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने वाले प्रगणकों को भी सही व सटीक विवरण उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। इस दौरान जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश की निदेशक दीप शिखा शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।