नाहन : राजकीय माध्यमिक पाठशाला भांभी भनोत में सेवानिवृत्त कमांडो विशन भारद्वाज ने निस्वार्थ समाज सेवा और बाल कल्याण की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत पहली से आठवीं कक्षा तक के प्रत्येक छात्र-छात्रा को निशुल्क स्कूल ड्रेस (ट्रैक सूट) प्रदान किए।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कमांडो विशन भारद्वाज तथा सेवानिवृत्त कमांडो देव राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय आगमन पर दोनों अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि विशन भारद्वाज केवल इस वर्ष ही नहीं, बल्कि पिछले शैक्षिक सत्र में भी इसी तरह सभी विद्यार्थियों को निशुल्क ट्रैक सूट वितरित कर चुके हैं। उनके इस निरंतर सहयोग और बच्चों के प्रति असीम प्रेम ने न केवल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया है, बल्कि अभिभावकों को भी बड़ी राहत पहुंचाई है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को अनुशासन, देशभक्ति और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने सेवानिवृत्त कमांडो विशन भारद्वाज और उनके परिवार का इस महान कार्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। स्कूल प्रबंधन व शिक्षकों ने कहा कि समाज के प्रति उनका यह निस्वार्थ समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक और सौभाग्य की बात है। इस अतुलनीय सहयोग और स्नेह के लिए विद्यालय परिवार सदैव उनका ऋणी रहेगा।