नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना श्री रेणुका जी के अंतर्गत बडोन चौक के पास एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यहाँ एक तेज़ रफ्तार और गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल ने कार को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला और दो पुरुषों समेत कुल तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने पीड़ित कार चालक की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सचिन कुमार पुत्र अशोक कुमार (निवासी ददाहू, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर) ने बताया कि बीते कल जब वह अपनी कार ( HP18B-7071) में सवार होकर रेणुका जी की ओर जा रहे थे। जब वह बेडोन चौक से लगभग 100 मीटर आगे रेणुका जी सड़क पर पहुँचे, तभी सामने (रेणुका जी की ओर) से आ रही एक मोटरसाइकिल (संख्या HR02BB-7844) के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तारी और लापरवाही से गलत दिशा में आकर उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान बाइक चालक अभय प्रताप, तथा उस पर पीछे बैठे मान सिंह और साची देवी के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पहुँचाया गया। पीड़ित के अनुसार यह हादसा बाइक चालक अभय प्रताप द्वारा तेज़ रफ्तारी, लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हुआ है। पुलिस थाना रेणुका जी में आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी अन्वेषण व कानूनी कार्रवाई जारी है।