श्री रेणुका जी में दबंगई: जलाल पुल पर पुरानी रंजिश में युवक को डंडों से पीटा, दो पर FIR

नाहन : पुलिस थाना श्री रेणुका जी के अंतर्गत जलाल पुल के पास एक मारपीट का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राकेश (निवासी गांव गावड़ा, डाकघर कांगटा फैलग, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर) ने पुलिस थाना श्री रेणुका जी में तहरीर सौंपी है। पीड़ित ने बताया कि वह शाम के समय जलाल पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कटाह निवासी करण और चुली निवासी तरुण ने उसका रास्ता रोक लिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर पीड़ित के साथ बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते लात-घूंसों व डंडों से उस पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस थाना श्री रेणुका जी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घायलों का मेडिकल करवाने के साथ-साथ आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में ला रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।