सिरमौर के माइनिंग एरिया में बड़ा हादसा: मलबे में दबी मशीनरी, 3 लोगों के फंसे होने की आशंका

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के अंतर्गत गिरिपार क्षेत्र में भारी भूस्खलन होने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। तहसील कमरऊ के बागनधार स्थित खदान (माइन) में अचानक पहाड़ धंसने से वहां काम में लगी एक L&T मशीन और दो ट्रक (HP17D-5538 और HP17J-4493) मलबे की चपेट में आकर पूरी तरह दब गए हैं। स्थानीय निवासी गुमान सिंह द्वारा प्रशासन को दी गई सूचना के अनुसार, दुर्घटना के समय गाड़ियों व हैवी मशीनरी के साथ तीन लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। यह घटना शाम लगभग चार बजे के आसपास की बताई जा रही है।

मलबे में दबे होने की आशंका वाले लोगों में चालक अनिल कुमार निवासी बड़वास, गजेंद्र सिंह (65) निवासी नेपाल और 68 वर्षीय धन सिंह निवासी नेपाल हैं। हिल्स पोस्ट के साथ विशेष बातचीत में SDM जसपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार भूस्खलन हो रहा है और हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। उन्होंने भी मलबे में वाहनों के साथ तीन लोगों के दबे होने की आशंका जताई।

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के माइनिंग एरिया में होने के कारण राहत एवं बचाव दल के लिए मौके तक पहुंचना बेहद मुश्किल बना हुआ है। लगातार मलबा गिरने के साथ मौसम खराब है और विजिबिलिटी भी काफी कम है। SDM के अनुसार लोगों को मलबे से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाना है, लेकिन मौके की परिस्थितियां राहत कार्य में बड़ी बाधा बन रही हैं।

अंतिम समाचार मिलने तक रेस्क्यू टीमें घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई थीं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौसम तथा मौके की परिस्थितियों में सुधार होते ही राहत एवं बचाव कार्य तेज किए जाने की तैयारी है। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता मलबे में दबे बताए जा रहे तीन लोगों की तलाश और सुरक्षित निकासी को लेकर है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।