नाहन : सिरमौर जिला स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित प्रथम सिरमौर जिला स्विमिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में अटल बिहारी पर्वतारोहण खेल संस्थान मनाली के सेवानिवृत्त उपनिदेशक राकेश कुमार वालिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के राज्य कार्यकारिणी सदस्य तनु चौहान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
हिमाचली परंपरा के अनुसार, जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा, महासचिव राजवीर सिंह और आयोजन सचिव एडवोकेट गुलशन अंसारी ने मुख्य अतिथि राकेश कुमार वालिया तथा विशेष अतिथि तनु चौहान को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राकेश कुमार वालिया और तनु चौहान ने कहा कि युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने से युवाओं के भीतर आपसी सहयोग, मेल-मिलाप, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास होता है।
आयोजन सचिव एडवोकेट गुलशन अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में जिला के विभिन्न ब्लॉकों के 65 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान 6 अलग-अलग आयु वर्गों में 25 मीटर, 50 मीटर, 100 मीटर फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक और ब्रेस्ट स्ट्रोक की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों—इंतजार अली, आलीशान, चांद खान, अनवी शर्मा, एकनूर धीमान और शालिनी शर्मा को ‘बेस्ट स्विमर अवार्ड-2026’ से नवाजा गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के राज्य महासचिव इशान अख्तर, टेक्निकल ऑफिशियल दीक्षा शर्मा, उपासना वर्मा, नर्वदा शर्मा तथा जिला पदाधिकारी गुंजन और मोहित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।