नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरब बागना गांव में वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से चीड़ के पेड़ काटने की कवरेज करने गए एक स्थानीय पत्रकार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित जोगेंद्र सिंह (जो कि स्थानीय समाचार मंच से बतौर रिपोर्टर जुड़े हैं) ने बताया कि 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 11:30 बजे उनके घर के सामने वन विभाग की भूमि पर खजान सिंह और रूप सिंह चीड़ के 4 पेड़ काट रहे थे। जब उन्होंने इस गतिविधि की वीडियो कवरेज करनी शुरू की, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कवरेज के दौरान आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और उनके साथ हाथापाई की। वीडियो रिकॉर्डिंग करते समय उनका मोबाइल नीचे गिर गया और धक्का-मुक्की के दौरान वे खुद भी पेड़ के पास नीचे गिर गए, जिससे उनके दाहिने घुटने में मोच आ गई। पीड़ित का यह भी कहना है कि वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति के बीच-बचाव करने पर उनकी जान बची।
पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को दी गई शिकायत में अपनी जान को खतरा बताया है। उनका आरोप है कि आरोपी खजान सिंह ने उन्हें धमकी दी कि भविष्य में कभी हाब्बन में मिलने पर उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस संबंध में एससी/एसटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।