सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के स्थापना दिवस के अवसर पर गणित और भौतिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति तथा नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नौणी विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं राज्य सरकार के वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. के.के. रैना उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ नशाखोरी के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण साझा किया तथा युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सोलन के सदस्यों ने नशा मुक्ति पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नाटक के उपरांत ब्रह्माकुमारीज़ के प्रतिनिधियों द्वारा राजयोग मेडिटेशन का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानसिक शांति का अनुभव किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्षों सहित समस्त संकाय सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्य वक्ता डॉ. के.के. रैना और ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत लाभकारी बताया।