सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब के दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है।

मामले के अनुसार 1 जुलाई 2026 को सोलन निवासी शिकायतकर्ता प्रीतम साधुरवा ने पुलिस थाना सदर, सोलन में एक रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत में उन्होंने बताया कि 28 जून 2026 को शाम 4:43 से 4:50 बजे के बीच उन्होंने अपना मोटरसाइकिल नंबर: WB-42BE-4043 बीडीओ कार्यालय सोलन के समीप पार्क किया था। थोड़ी देर बाद जब वह वापस लौटे, तो उनका वाहन वहां से गायब था।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चुराते हुए साफ दिखाई दिए। चोरी हुए इस मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब ₹98,000 आंकी गई है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना सोलन की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया। इसके साथ ही आरोपियों के आने-जाने के रूट और तकनीकी साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरजीत सिंह (36 वर्ष), पुत्र श्री जसवीर सिंह, निवासी एमजेके नगर, लोहरा, जिला लुधियाना, पंजाब व कुलविंदर महेश (33 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्री दर्शन सिंह, निवासी गांव व डाकघर रोहिरा, तहसील अहमदगढ़, जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को इनका तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ। रिमांड अवधि के दौरान हुई कड़ी पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने पंजाब के लुधियाना से चोरी के तीन मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब इन बरामद वाहनों के चेसिस और इंजन नंबरों का सत्यापन कर रही है ताकि इनके असली मालिकों और अन्य थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों का पता लगाया जा सके।
सोलन पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है। इस बात की भी गहन जांच की जा रही है कि क्या ये आरोपी किसी बड़े संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं और इन्होंने हिमाचल व पंजाब के अन्य जिलों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। इस सिलसिले में पंजाब पुलिस और अन्य पड़ोसी राज्यों की पुलिस इकाइयों से भी संपर्क साधा जा रहा है।
सोलन पुलिस की आम जनता से अपील की है कि नागरिक अपने वाहनों को हमेशा सुरक्षित और अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। वाहनों में हैंडल लॉक के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अवश्य करें। यदि अपने आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।