सोलन: हिमाचल प्रदेश के कसौली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा का मामला अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है। करीब 58 वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े 82 वर्षीय वरिष्ठ नेता डी.डी. कश्यप ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वरमानी को पत्र लिखकर अपनी पीड़ा जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से पुराने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से लगातार दरकिनार किया जा रहा है और उन्हें बैठकों व कार्यक्रमों की सूचना तक नहीं दी जाती।

विधायक के दौरों और मासिक बैठकों की नहीं मिलती सूचना
अपने पत्र में डी.डी. कश्यप ने बताया कि वह 22 वर्ष की उम्र में कांग्रेस से जुड़े थे और उन्होंने आज तक किसी अन्य दल को वोट नहीं दिया। वर्ष 2005 में प्रथम श्रेणी सूचना अधिकारी एवं जिला लोक संपर्क अधिकारी के पद से 35 वर्षों की सरकारी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होने के बाद भी वह संगठन में सक्रिय रहे। वह कसौली कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष, पट्टा बरावरी जोन के प्रभारी और करीब छह वर्षों तक जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
कश्यप ने आरोप लगाया कि धर्मपुर स्थित मनसा माता मंदिर में होने वाली कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठकों की जानकारी उन्हें नहीं दी जाती। इसके अलावा कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी के पंचायतों में होने वाले दौरों और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों की सूचना भी पुराने कार्यकर्ताओं के साथ साझा नहीं की जाती। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक से संपर्क करने के प्रयासों को भी अपेक्षित तवज्जो नहीं मिल रही है।
बाहरी लोगों को तवज्जो देने पर उठाए सवाल, बैठक की तैयारी
डी.डी. कश्यप का कहना है कि उन्होंने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पट्टा बरावरी, हरिपुर, जाबल जमरोट और जाड़ली पंचायतों में घर-घर जाकर प्रचार किया और करीब 15 वर्षों तक संगठन को मजबूत किया। विधायक को तीसरी बार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने के बावजूद आज उन्हीं पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने दूसरे दलों से आए कुछ लोगों को निष्ठावान कांग्रेसियों से अधिक महत्व दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।
कश्यप के अनुसार, पूर्व प्रधान सुखराम और पूर्व उपप्रधान राकेश कौंडल सहित क्षेत्र के करीब 40 सक्रिय कार्यकर्ता इस उपेक्षा से आहत हैं। उन्होंने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इन चारों पंचायतों के असंतुष्ट वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक बैठक बुलाकर उनकी सामूहिक भावनाओं को पार्टी नेतृत्व के सामने रखा जाएगा।
चुनावी वर्ष से पहले संगठन के लिए चुनौती
कसौली में पुराने कांग्रेसियों के यह बगावती तेवर ऐसे समय में सामने आए हैं, जब प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटी है और अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में 58 वर्षों तक पार्टी की सेवा करने वाले वरिष्ठ नेता द्वारा उठाए गए सवाल संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय बन गए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रदेश और जिला कांग्रेस नेतृत्व इन नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाता है।