शिमला: चूड़धार चोटी से वापस लौटते समय जंगल में रास्ता भटककर फंसे पंजाब और हरियाणा के चार श्रद्धालुओं को शिमला पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। श्रद्धालुओं के जंगल में फंसे होने की सूचना रविवार रात पुलिस को मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने अंधेरे और दुर्गम इलाके की चुनौती के बीच रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के अनुसार, चूड़धार से लौट रहे कुछ श्रद्धालु जंगल में रास्ता भटक गए थे और उन्हें अपनी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की।

रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं की पहचान राहुल (22) और संकेत (21), दोनों निवासी मोहाली, पंजाब, तथा राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24), निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने जंगल में तलाश के दौरान सबसे पहले दो युवकों को पाताल खड्ड क्षेत्र के समीप रात करीब 12 बजे सुरक्षित खोज निकाला। इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि एक दंपति भी जंगल में रास्ता भटक गया है। इसके बाद टीम ने सर्च ऑपरेशन जारी रखा और दंपति को भी सुरक्षित तलाश लिया।
चौपाल क्षेत्र में हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को अंधेरे और कठिन पहाड़ी इलाके में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद जवानों ने रातभर तलाश जारी रखी और चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी चार श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रातभर चले सर्च अभियान के चलते चूड़धार यात्रा पर आए चार श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।