नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के समीपवर्ती झमीरिया (बनोग) क्षेत्र में मंगलवार शाम मारपीट और गाली-गलौज की एक वारदात सामने आई है। इस घटना में सैन की सैर निवासी 43 वर्षीय पूर्व सैनिक (वर्ष 2021 में सेवानिवृत्त) दिनेश चौहान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दिनेश चौहान पुत्र पालम सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 6 अक्टूबर की शाम को उनका बड़ा बेटा अर्श चौहान (15 वर्ष, कक्षा 11वीं का छात्र) यशवंत विहार में ट्यूशन पढ़ने गया था। शाम को जब वह वापस लौट रहा था, तो झमीरिया के पास सड़क किनारे पैराफिट पर कुछ युवक बैठे थे। पीड़ित का आरोप है कि नशे की हालत में दिख रहे युवकों ने बच्चे को पास बुलाया, लेकिन बच्चे के न जाने पर उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज की और पीछे से कांच की बोतल फेंक कर मारी। (जो बच्चे को नहीं लगी)

घटना की जानकारी मिलने पर दिनेश चौहान अपनी स्कूटी से झमीरिया पहुंचे और पैराफिट पर बैठे तीन लड़कों से बेटे के साथ गाली-गलौज और बोतल फेंकने का कारण पूछने लगे। इसी बीच उनका बेटा और उन युवकों का चौथा दोस्त भी मौके पर आ गया। आरोप है कि बाद में पहुंचे चौथे युवक ने बहसबाजी करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी और अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से दिनेश चौहान की नाक और सिर पर सीधा प्रहार कर दिया। हमले में उनके सिर, माथे और नाक पर गहरी चोटें आईं और खून बहने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दिनेश चौहान को परिजनों की मदद से डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज व अस्पताल, नाहन पहुंचाया। वहां डॉक्टरों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार कर सिर की चोटों पर टांके लगाए गए और मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) तैयार किया गया।
जांच अधिकारी के अनुसार, मामले से जुड़े तीन अन्य युवकों (ऋषभ पुत्र लाल सिंह , आशीष पुत्र कुंदन सिंह व पीयूष पुत्र शेर सिंह ) का भी पुलिस ने अस्पताल में मेडिकल करवाया है।
थाना सदर नाहन पुलिस ने पीड़ित पूर्व सैनिक दिनेश चौहान के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है, लेकिन अभी कोई क्रॉस एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं और साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।