नाहन के ‘स्विमिंग पूल’ की चमकी सूरत: कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के 60 छात्रों ने किया श्रमदान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए आज कार्मल कॉन्वेंट स्कूल, नाहन के दसवीं कक्षा के 60 विद्यार्थियों ने शांति संगम परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। स्कूल के इको क्लब से जुड़े इन विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और कड़ी मेहनत के साथ शांति संगम मंदिर परिसर तथा वहां स्थापित ऐतिहासिक मूर्तियों के आसपास सफाई की।

इसके साथ ही विद्यार्थियों ने परिसर में स्थित विशाल ऐतिहासिक बावड़ी, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘नाहन का स्विमिंग पूल’ भी कहा जाता है, की भी गहन सफाई की। इको क्लब के नन्हे वालंटियर्स ने पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस स्वच्छता और संरक्षण अभियान के दौरान कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के अध्यापक चंदा ठाकुर, गुलशन अहमद और विवेक प्रभा ने बच्चों का मार्गदर्शन किया और स्वयं सफाई कार्य में हाथ बटाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

अभियान के अंत में स्कूल प्रबंधन व अध्यापकों ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संस्थाओं/सोसाइटियों से एक विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि शांति संगम परिसर में स्थापित ऐतिहासिक मूर्तियां समय के साथ अपनी चमक खो रही हैं और उन्हें मरम्मत की सख्त आवश्यकता है। ऐसे में शहर के प्रबुद्ध वर्ग और स्वयंसेवी संस्थाओं को इन ऐतिहासिक स्टेच्यू (मूर्तियों) के जीर्णोद्धार व मरम्मत के लिए आगे आकर ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि इस सांस्कृतिक विरासत को सहेजा जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।