नाहन-शिमला मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी टाटा नेक्सॉन कार, टला बड़ा हादसा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: शिमला मार्ग पर कल देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक टाटा नेक्सॉन कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 से 60 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में 3 वयस्क और 2 छोटे बच्चे सवार थे। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में सभी सवार बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा कल रात लगभग 11:30 बजे के आसपास घटित हुआ। टाटा नेक्सॉन कार में फरदीन, उनकी पत्नी, उनका छोटा भाई शोएब और दो छोटे बच्चे सवार थे। सफर के दौरान अचानक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराई और नीचे खाई की ओर लुढ़क गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीचे गिरते समय कार पहले पैरापिट से टकराई और उसके बाद खाई में लगे एक पेड़ से टकराकर रुक गई। पेड़ से टकराने के कारण गाड़ी की रफ्तार धीमी हो गई और वह ज्यादा गहराई में जाने से बच गई। इसी वजह से गाड़ी में सवार लोगों को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मिसाल पेश करते हुए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर गाड़ी में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में भारी मदद की। लोगों की इस समय पर की गई मदद से सभी को जल्द से जल्द राहत मिल सकी।

हादसे में फरदीन की पत्नी की आंख पर चोट आई है। दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया है। बाकी सवारों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।