सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने वाले बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सदर थाना पुलिस ने आठवें आरोपी को भी दबोच लिया है। पुलिस इस मामले में अब तक कुल 08 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। पहले गिरफ्तार किए जा चुके 7 आरोपियों से हुई कड़ी पूछताछ और कॉल रिकॉर्ड व डिजिटल डेटा के विश्लेषण के बाद इस पूरे नेटवर्क में हरियाणा के साहुन खान नामक व्यक्ति की सक्रिय संलिप्तता का खुलासा हुआ था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर गाड़ियों का अवैध रजिस्ट्रेशन करवा रहा था। इस फर्जी खेल को अंजाम देने के लिए आरोपी साहुन खान ने एक नकली ई-मेल आईडी तैयार की थी। जब भी पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान सरकारी पोर्टल से कोई ओटीपी आता, तो वह साहुन के पास पहुंचता था। इसके बाद साहुन वह ओटीपी मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज को देता था, जिससे फर्जी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी हो जाती थी। इसके अलावा, साहुन खान खुद भी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के धंधे से जुड़ा हुआ था और इस अवैध कारोबार में मुख्य आरोपी की लगातार मदद कर रहा था।
पुख्ता सबूत हाथ लगते ही सोलन पुलिस की विशेष टीम ने दबिश देकर आरोपी साहुन खान आयु 40 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से वार्ड नंबर 7, बस स्टैंड के पास, तहसील व जिला नूंह हरियाणा का रहने वाला है और वर्तमान में मकान नंबर B-1373, मारुति कुंज, सोहना रोड, जिला गुरुग्राम हरियाणा में रह रहा था।
सदर थाना सोलन की पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इतिहास को खंगाल रही है। इसके साथ ही इस संगठित नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका, उनके बैंक खातों के वित्तीय लेन-देनतथा अन्य तकनीकी व दस्तावेजी साक्ष्यों की भी गहराई से छानबीन की जा रही है ताकि गिरोह की जड़ों को पूरी तरह काटा जा सके। मामले की आगामी तफ्तीश लगातार जारी है।