नाहन के कुश और मोहित ने पेश की इंसानियत की मिसाल, हर की पौड़ी पर मिला मोबाइल लौटाया

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : धार्मिक यात्राओं के दौरान जहाँ अक्सर सामान खोने पर मिलने की उम्मीद टूट जाती है, वहीं नाहन के दो सगे भाइयों ने ईमानदारी और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक श्रद्धालु का गुम हुआ कीमती मोबाइल सुरक्षित लौटा दिया है। अमरपुर मोहल्ला निवासी राजेंद्र कुमार के सुपुत्र कुश चौहान उर्फ अक्ष और उनके बड़े भाई मोहित चौहान उर्फ मनु हाल ही में कांवड़ यात्रा पर गए हुए थे। हर की पौड़ी पर दोनों भाइयों को एक लावारिस मोबाइल पड़ा हुआ मिला।

मोबाइल मिलते ही दोनों भाइयों ने तुरंत आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं से पूछताछ की। यहाँ तक कि वे काफी दूर तक पीछे की ओर भी गए ताकि यदि कोई अपना मोबाइल ढूंढ रहा हो तो उसे सौंपा जा सके। हालांकि, कांवड़ यात्रा की भारी भीड़ और अफरातफरी के कारण मोबाइल के वास्तविक मालिक का मौके पर कोई सुराग नहीं लग सका। ऐसी स्थिति में मोबाइल के किसी गलत हाथों में पड़ने का जोखिम न लेते हुए कुश और मोहित उसे अपने साथ सुरक्षित नाहन ले आए।

नाहन पहुँचने के बाद दोनों भाइयों ने मोबाइल मालिक की पहचान करने के लिए विशेष सतर्कता और समझदारी दिखाई। उन्होंने मोबाइल में लगी सिम कार्ड को निकालकर दूसरे हैंडसेट में डाला, जिससे मोबाइल नेटवर्क सक्रिय हो गया। सिम चालू होते ही संपर्क सूत्रों से बातचीत की कड़ी जुड़ी और मोबाइल स्वामी, दिल्ली निवासी राहुल गुप्ता से सीधा संपर्क स्थापित हो पाया। कुश और मोहित ने राहुल को अपना फोन सुरक्षित होने की जानकारी दी और उन्हें नाहन आकर इसे प्राप्त करने का आग्रह किया।

आज जब दिल्ली निवासी राहुल गुप्ता अपना मोबाइल लेने नाहन पहुँचे, तो दोनों भाइयों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी पुष्टि की। राहुल से मोबाइल का सिक्योरिटी पैटर्न (Pattern Lock) खोलने को कहा गया। जैसे ही राहुल ने सही पैटर्न डालकर फोन को अनलॉक किया, दोनों भाइयों को पूर्ण विश्वास हो गया कि राहुल ही मोबाइल के वास्तविक मालिक हैं। इसके बाद पूरी आत्मीयता के साथ हैंडसेट राहुल के सुपुर्द कर दिया गया।

अपना गुम हुआ मोबाइल पूरी तरह सुरक्षित पाकर राहुल गुप्ता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वे युवाओं की इस निस्वार्थ ईमानदारी से इतने प्रभावित हुए कि विशेष रूप से दिल्ली से अपने साथ मिठाई का डिब्बा लेकर आए थे। राहुल ने कुश चौहान और मोहित चौहान को मिठाई खिलाकर उनका दिल से धन्यवाद किया और कहा कि ऐसे युवाओं की वजह से ही समाज में आपसी विश्वास और इंसानियत की मिसाल कायम है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।