खाकी में छिपे फरिश्ते: ददाहू के बच्चे के लिए मसीहा बने रमन और सतिंदर

नाहन : सिरमौर जिले की सामाजिक संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। सोसाइटी को बीते शनिवार रात सूचना मिली कि तहसील ददाहू के गाँव गानु महीपुर का एक 5 वर्षीय बच्चा, जो वर्तमान में PGI चंडीगढ़ में उपचाराधीन है, उसे अत्यंत गंभीर स्थिति में ‘AB पॉजिटिव’ प्लेटलेट्स की तत्काल आवश्यकता है। जानकारी के अनुसार, बच्चा ‘विस्कोट अल्ड्रिच सिंड्रोम’ जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है, जिसमें रक्त कोशिकाएं (blood cells) नहीं बन पातीं। हालांकि बच्चे का बोन मैरो ट्रांसप्लांट हो चुका है, लेकिन प्लेटलेट्स की कमी उसके जीवन के लिए बड़ा खतरा बनी हुई थी।

जैसे ही ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ को इस संकट का पता चला, उन्होंने तुरंत अपने सक्रिय सदस्य और चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत आरक्षी रमन सोढ़ी (मूल निवासी नाहन) से संपर्क किया। बिना एक पल गंवाए, रमन सोढ़ी ने अपने साथी आरक्षी सतिंदर को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। दोनों आरक्षियों ने देर रात ही PGI चंडीगढ़ पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाई और रक्तदान कर मासूम बच्चे को जीवनदान दिया।

इस नेक कार्य के बारे में बताते हुए सोसाइटी के सदस्यों ने बताया यह उनका 35वां रक्तदान था, जो यह दर्शाता है कि वे निरंतर निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे हैं। इस सराहनीय पहल पर ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ के अध्यक्ष ईशान राव ने दोनों आरक्षियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है। अध्यक्ष ने कहा कि संकट की इस घड़ी में खाकी वर्दीधारी इन दो फरिश्तों ने साबित कर दिया कि सेवा और इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। इस सहयोग ने न केवल बच्चे की जान बचाई है, बल्कि पूरे परिवार को एक नई उम्मीद भी दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।