नाहन: ऐतिहासिक वामन मेले का आगाज, सोलंकी ने नृसिंह महाराज की पालकी को दिया कंधा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : ऐतिहासिक वामन मेले के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को श्री नृसिंह मंदिर, नौणी का बाग में धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हवन में पूर्णाहूति डालकर आरती में भाग लिया।

इसके उपरांत प्राचीन परंपरा के अनुसार निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा में सबसे पहले श्री नृसिंह महाराज की पालकी को मंदिर से रवाना किया गया। विधायक अजय सोलंकी ने स्वयं पालकी को कंधा देकर इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक परंपरा में अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव और जयकारों के साथ पालकी यात्रा का स्वागत किया।

वामन मेले की प्राचीन परंपराओं के तहत पक्का टैंक में नौका विहार का आयोजन भी किया गया। सदियों से चली आ रही इन धार्मिक परंपराओं के माध्यम से नाहन की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत आज भी जीवंत बनी हुई है।

इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि वामन मेला नाहन की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी प्राचीन परंपराएं हमारी आस्था को मजबूत करती हैं और हमारी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, नगर परिषद अध्यक्षा उपमा धीमान, एडवोकेट वीरेंद्र पाल शर्मा, पार्षद वासिम खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।