नाहन : हिमाचल प्रदेश के डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन के फीमेल वार्ड (महिला वार्ड) से अव्यवस्था की गंभीर तस्वीर सामने आई है। वार्ड से सटे शौचालयों में पानी न होने के कारण भारी गंदगी और बदबू फैल गई है, जिससे भर्ती महिला मरीजों और उनके परिजनों का बुरा हाल है।
अस्पताल के फीमेल वार्ड के शौचालयों में पानी की आपूर्ति ठप्प होने से नल सूखे पड़े हैं। फ्लश न चलने और पानी की अनुपलब्धता के कारण शौचालयों में गंदगी का ढेर लग गया है। इस नारकीय स्थिति की वजह से वार्ड में दुर्गंध फैल रही है, जिससे मरीजों में इंफेक्शन (संक्रमण) और अन्य बीमारियां फैलने का खतरा लगातार मंडरा रहा है।

अस्पताल में पानी की बैकअप या वैकल्पिक व्यवस्था न होने से तीमारदारों को नित्य क्रिया और साफ-सफाई के लिए बाहर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। मरीज के परिजनों का कहना है कि गंभीर और बुजुर्ग महिला मरीजों के लिए ऐसी स्थिति में दिन-रात काटना बेहद कष्टदायक हो गया है।
इस पूरे मामले और बदहाली को लेकर जब अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर से बात की गई, तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने के बजाय केवल “पता करते हैं” कहकर अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ लिया।
मेडिकल कॉलेज के फीमेल वार्ड में शौचालयों की ऐसी दयनीय स्थिति होना और जिम्मेदार अधिकारियों की ऐसी अनदेखी अस्पताल प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े करती है। मरीजों के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि तुरंत पानी की सप्लाई बहाल करवाई जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।